उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही सचिन यादव ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भाला फेंक प्रतियोगिता में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए चौथा स्थान हासिल किया है। टोक्यो, जापान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सचिन ने 86.27 मीटर की दूरी भाला फेंककर अपने करियर का नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ बनाया। इस प्रदर्शन ने न केवल उन्हें वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया बल्कि भारत के लिए भी गर्व का विषय बना। खास बात यह है कि सचिन ने इस प्रतियोगिता में देश के ओलंपिक स्टार नीरज चोपड़ा को भी पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।
निरंतर मेहनत का है नतीजा
सचिन यादव की यह सफलता उनके निरंतर मेहनत और प्रतिबद्धता का नतीजा है। उन्होंने इस साल एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था, जहां उनकी दूरी 85.16 मीटर थी। विश्व चैम्पियनशिप में उनका यह बेहतरीन प्रदर्शन उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘कुशल खिलाड़ी’ योजना की सफलता को दर्शाता है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया था। यह योजना खेल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
डीजीपी ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) ने सचिन यादव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सचिन की सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरी उत्तर प्रदेश पुलिस टीम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। डीजीपी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नीतियों ने खेल संस्कृति को पुलिस विभाग में मजबूती से स्थापित किया है, जिससे पुलिसकर्मी खेल में नए मुकाम हासिल कर रहे हैं।

कौन बना चैंपियन
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के भाला फेंक इवेंट में पहला स्थान त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट ने 88.16 मीटर के थ्रो के साथ हासिल किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पांचवे स्थान पर जर्मनी के जूलियन वेबर रहे, और भारत के नीरज चोपड़ा आठवें स्थान पर रहे।
सचिन की सफलता से स्पष्ट होता है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में खेलों को लेकर जो दृष्टिकोण अपनाया गया है, वह सही दिशा में है और इससे आने वाले वर्षों में और भी प्रतिभाएं उभर कर आएंगी। पूरे यूपी पुलिस परिवार के लिए सचिन की यह उपलब्धि गर्व और प्रेरणा का कारण बनी है।