पीलीभीत में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के बीच पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने अपनी सक्रियता दिखाते हुए ट्रैक्टर से पुलिस लाइन पहुंचकर स्थिति का व्यक्तिगत निरीक्षण किया। जलमग्न परिसर और सड़कें पार करने में हो रही कठिनाइयों के बावजूद एसपी ने मौके पर जाकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उनकी इस जिम्मेदार और तत्परता भरी पहल ने प्रशासन में नई ऊर्जा भर दी है और लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा कायम किया है।
जलभराव से हालत खराब
जानकरी के मुताबिक, इस वक्त पीलीभीत में भारी बारिश और जलभराव के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस की ड्यूटी जारी है, लेकिन पुलिस चौकी समेत कई महत्वपूर्ण स्थान जलमग्न हो गए हैं। बनकटी मार्ग पर राहगीर पानी से होकर गुजरते नजर आए तो गोदावरी स्टेट कॉलोनी में भी पानी भर गया है।
इस स्थिति के बीच पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव बुधवार को ट्रैक्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। ट्रैक्टर के माध्यम से पहुंचना मजबूरी थी, क्योंकि जलभराव की वजह से वाहन चलाना संभव नहीं था। पुलिस लाइन परिसर में भारी जलभराव की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए एसपी ने आरटीसी बैरक, जी+8 टावर, मैस, पुलिस अस्पताल परिसर, बैडमिंटन कोर्ट और पुलिस कार्यालयों का दौरा किया। उन्होंने इन सभी जगहों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
दिए दिशा निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी अभिषेक यादव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहने को कहा। उन्होंने जलभराव से उत्पन्न परेशानियों को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए उचित कार्यवाही करने के आदेश भी जारी किए। एसपी ने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।