बाराबंकी में छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर मामला गरमा गया है। जैसे ही यह घटना सामने आई, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त नाराज़गी जाहिर करते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दे दिए। अब इस पूरे प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी अयोध्या रेंज के आईजी प्रवीण कुमार को सौंपी गई है।
क्या है पूरा मामला?
रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में एलएलबी कोर्स की मान्यता रद्द हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद छात्रों से एडमिशन लिया गया। जब यह बात सामने आई, तो नाराज़ छात्र और एबीवीपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने लगे।
इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जो बाद में पुलिस लाठीचार्ज में बदल गई। इस कार्रवाई में करीब 25 से ज्यादा छात्र घायल हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अब इस मामले में कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। सीओ हर्षित चौहान को निलंबित कर दिया गया है, जबकि नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और गदिया चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है।
आईजी करेंगे जांच
सरकार ने साफ कर दिया है कि छात्रों पर इस तरह की सख्ती किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और मामले की गहराई से जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाएगा। जांच की कमान अब IG प्रवीण कुमार के हाथ में है, जो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करेंगे।