उत्तर प्रदेश में एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। योगी सरकार ने बुधवार को चार आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नए पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब राज्य में आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
इनको मिला तबादला
नए आदेश के अनुसार, आईपीएस विजय मीणा को पीटीसी (पुलिस ट्रेनिंग सेंटर) सीतापुर में तैनात किया गया है। वहीं आईपीएस आकाश कुलहरी को झांसी रेंज का नया आईजी (इंस्पेक्टर जनरल) बनाया गया है।
इसके अलावा, आईपीएस केशव कुमार चौधरी को अपर पुलिस आयुक्त के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में कल्पना सक्सेना को आईजी मेरठ सेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है।
कल भी हुआ था तबादला
तबादलों की यह सूची ऐसे समय में आई है जब ठीक एक दिन पहले भी राज्य सरकार ने कई अन्य आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया था। लगातार हो रहे इन बदलावों को शासन की प्रशासनिक रणनीति और कार्यक्षमता में सुधार लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।