झांसी : आत्महत्या के लिए नदी में कूदी महिला, सिपाही ने दिखाई बहादुरी और बचाई जान

Share This

झांसी ज़िले के मऊरानीपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला ने नदी में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। वजह थी एक किशोरी से भावनात्मक लगाव और उससे जुदाई का ग़म। वक्त रहते पहुंचे पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचा ली। जिसके बाद सोशल मीडिया पर सिपाही के इस कदम की खूब सराहना हो रही है।

ये है मामला

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में काम के दौरान मऊरानीपुर की रहने वाली महिला की मुलाकात एक किशोरी से हुई थी। दोनों ने साथ रहने और काम करने का फ़ैसला किया। तकरीबन एक साल साथ बिताने के बाद वे दोनों झांसी लौट आईं और किराए के मकान में रहने लगीं। यह बात किशोरी के परिजनों को देर से पता चली।

गुरुवार की शाम जब वे किशोरी को अपने साथ ले जाने आए, तो महिला ने इसका विरोध किया, लेकिन परिजन किशोरी को साथ ले गए। अगली सुबह महिला इस जुदाई को बर्दाश्त नहीं कर सकी और सूखनई नदी में कूद गई। गनीमत रही कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही धीरेंद्र मौके पर मौजूद था। उसने बिना देरी किए पानी में छलांग लगाई और महिला को बाहर निकाला। प्राथमिक इलाज के बाद महिला को घर भेज दिया गया है।

सिपाही की हो रही तारीफ

पुलिस अधिकारियों ने सिपाही की सतर्कता और साहस की सराहना की है। उसे पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देने की सिफारिश भी की गई है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की वजह से सिपाही की खूब सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *