नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली पुलिस की कमान अब वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को सौंप दी गई है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को उन्हें पुलिस आयुक्त नियुक्त करने का आदेश जारी किया। इससे पहले यह जिम्मेदारी अस्थायी तौर पर एसबीके सिंह संभाल रहे थे।
कौन है सतीश गोलचा
सतीश गोलचा फिलहाल दिल्ली में डीजी (जेल) पद पर कार्यरत थे। गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, वह कार्यभार संभालने के दिन से औपचारिक रूप से पद ग्रहण करेंगे और आदेश अगले निर्देश तक लागू रहेगा। गोलचा 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनका लंबा अनुभव दिल्ली पुलिस से ही जुड़ा रहा है।

सतीश गोलचा का करियर दिल्ली पुलिस से गहराई से जुड़ा रहा है। वह यहां डीसीपी, जॉइंट कमिश्नर और स्पेशल कमिश्नर जैसे कई जिम्मेदार पदों पर काम कर चुके हैं। खासकर 2020 की उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा के दौरान उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर संभालते हुए अहम भूमिका निभाई थी। बाद में, फरवरी 2022 से जून 2023 तक उन्हें अरुणाचल प्रदेश पुलिस प्रमुख (DGP) की जिम्मेदारी दी गई, जिसके बाद वह फिर से दिल्ली लौटे।
कब हुआ बदलाव
पुलिस आयुक्त स्तर पर यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। एक व्यक्ति शिकायतकर्ता बनकर अंदर घुसा और अचानक उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 41 वर्षीय राजेश भाई सकारिया, निवासी राजकोट (गुजरात) के रूप में हुई। उस पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।