आगरा। शहर में गुरुवार को एक महिला का थाने के अंदर हंगामा मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला ने न सिर्फ पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की बल्कि एक महिला कांस्टेबल के बाल खींचकर हाथापाई भी की।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, महिला ट्रांस यमुना थाने अपनी पुरानी शिकायत को लेकर पहुंची थी। वहां उसने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे न्याय नहीं मिल रहा और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगी।
वीडियो में महिला अपने चेहरे पर चोट के निशान दिखाकर दावा करती नजर आ रही है कि उसे थाने में बंद करके पीटा गया और कपड़े भी फाड़े गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि हकीकत इसके उलट है।
एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि महिला के पति ने करीब एक साल पहले घर में चोरी की रिपोर्ट लिखवाई थी। जांच के बाद जनवरी 2025 में वह केस बंद कर दिया गया था। मंगलवार को जब महिला जानकारी लेने थाने आई तो उसने अचानक हंगामा करना शुरू कर दिया।
थाना प्रभारी ने कहा ये
थाना प्रभारी के मुताबिक, महिला ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि पुलिस टीम से हाथापाई तक कर डाली। इसके बाद उसका शांति भंग में चालान किया गया। अब पूरे मामले में वायरल वीडियो और महिला के लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है।