यूपी पुलिस का सिपाही बना देवदूत, फांसी पर लटक रहे युवक को दी नई जिंदगी

Share This

यूपी पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर… इस बात को पुलिसकर्मी हमेशा चरितार्थ करते रहते हैं। इसी क्रम में बुधवार को मेरठ के कसेरूबक्शर इलाके में ऐसा ही वाकया देखने को मिला, जहां यूपी पुलिस के सिपाही सिद्धांत तोमर ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक युवक की जान बचाई। इसके बाद यूपी पुलिस से इस सिपाही की खूब तारीफ हो रही है।

युवक ने लगाया फांसी का फंदा, मौके पर दौड़ी डायल-112

जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर की है, जब कसेरूबक्शर निवासी 19 वर्षीय विशाल ने घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। बताया गया कि पड़ोसी से कहासुनी के बाद विशाल को पीटा गया था। जब उसने अपने पिता से पुलिस में शिकायत करने को कहा और उन्होंने मना कर दिया, तो क्षुब्ध होकर विशाल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली।

परिजनों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जो कुछ ही मिनटों में सिपाही सिद्धांत तोमर तक पहुंच गई। उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

हथौड़े से तोड़ी दीवार, CPR देकर लौटाई जान

विशाल जिस कमरे में था, उसका दरवाजा लोहे का था और आसानी से नहीं टूट सकता था। ऐसे में सिपाही सिद्धांत तोमर ने निर्णय लिया कि दीवार तोड़कर भीतर जाना ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने हथौड़े से दीवार तोड़ी और अंदर पहुंचकर फांसी के फंदे से लटक रहे विशाल को नीचे उतारा।

इसके बाद सिपाही ने Cardiopulmonary Resuscitation (CPR) देना शुरू किया, वहीं एक अन्य युवक ने मुंह से सांसें देकर सहायता की। लगातार प्रयास के 40 सेकेंड बाद विशाल की सांसें लौट आईं। तुरंत उसे देव अनंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *