मथुरा। जन्माष्टमी के दौरान श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हुई अव्यवस्था का असर अब पुलिस विभाग में दिखने लगा है। एसएसपी श्लोक कुमार ने सोमवार शाम सात निरीक्षकों के तबादले कर दिए। इस कार्रवाई में सबसे अहम फैसला वृंदावन थाना प्रभारी प्रशांत कपिल को लाइन हाजिर करने का रहा। माना जा रहा है कि मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन में खामियां सामने आने के कारण यह कदम उठाया गया।
थानों की जिम्मेदारी में फेरबदल
जमुनापार थाने के प्रभारी अजय किशोर को अब मगोर्रा थाने की कमान दी गई है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात विदेश त्यागी को जमुनापार थाने का प्रभारी बनाया गया है। मगोर्रा के प्रभारी प्रवीण कुमार को अब पर्यटन थाना सौंपा गया है।
पर्यटन थाने के प्रभारी संजय पांडेय को वृंदावन थाने भेजा गया है। मगोर्रा थाने में अपराध निरीक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे अजीत सिंह को लोक शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह को छाता से हटाकर पुलिस सम्मन सेल का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक सख्ती का संदेश
जन्माष्टमी के दौरान अव्यवस्था को लेकर हुई यह कार्रवाई विभागीय स्तर पर सख्त संदेश मानी जा रही है। एसएसपी का कहना है कि जिम्मेदारी के साथ लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।