जौनपुर: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश के किसी भी थाने में अश्लील कार्यक्रम आयोजित न करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है।
ये था मामला
जानकारी के मुताबिक, जन्माष्टमी के मौके पर बदलापुर थाने में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें शासन और मुख्यालय के निर्देशों की अनदेखी करते हुए एक अश्लील गाने पर प्रस्तुति दी गई। वायरल वीडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो में कार्यक्रम की सामग्री स्पष्ट रूप से नियमों के खिलाफ दिखाई दे रही है।
https://x.com/policemedianews/status/1957045056378143027?t=X-jjSBulWn9hqC_Jn2WDKQ&s=19
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन में सरकारी आदेशों का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा, “इस तरह की लापरवाही से पुलिस विभाग की छवि खराब होती है। प्रभारी निरीक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर रहते हुए इस तरह की गतिविधि अस्वीकार्य है।”
थानाध्यक्ष को किया गया सस्पेंड
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना न सिर्फ आदेशों की अवहेलना का मामला है, बल्कि पुलिस महकमे की साख पर भी सवाल खड़े करती है।