मथुरा में जन्माष्टमी की सुरक्षा अभेद्य, 17 सेक्टरों में बंटी व्यवस्था, तीन हजार से अधिक जवान तैनात

Share This

 

 

मथुरा में 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रहेंगे। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जन्मभूमि क्षेत्र को तीन सुरक्षा जोन—रेड, येलो और ग्रीन—में बांटा गया है। जन्मस्थान के भीतर रेड जोन में सबसे ज्यादा पुलिस बल रहेगा, जबकि येलो और ग्रीन जोन में सादी वर्दी में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे।

इतने भागों में विभाजित मथुरा

पूरे क्षेत्र को 17 सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया गया है। 15 वॉच टॉवर और ड्रोन कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए 94 बैरियर और 18 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। जन्माष्टमी के दिन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही रोका जाएगा। प्रमुख चौराहों पर छह क्रेन भी तैनात होंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके।

इतनी फोर्स रहेगी तैनात

सुरक्षा में मथुरा के अलावा आगरा रेंज के कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा, जिसमें 20 क्षेत्राधिकारी, 60 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 1,300 हेड कांस्टेबल-कांस्टेबल, 350 यातायात अधिकारी व कांस्टेबल, 50 महिला कांस्टेबल, 9 कंपनियां पीएसी और 2 कंपनियां आरआरएफ की शामिल हैं।

मंगलवार को एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार व अन्य अधिकारियों ने जन्मभूमि क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा प्लान की समीक्षा की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *