उत्तर प्रदेश में DG स्तर पर रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। हाल ही में लोकभवन में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में हुई DPC (Departmental Promotion Committee) की बैठक में एक अहम फैसला लिया गया। तय किया गया है कि IPS के 1994 बैच के अधिकारियों को महानिदेशक (DG) पद पर क्रमशः पदोन्नति दी जाएगी।
ये अफसर होने वाले हैं रिटायर
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में DGP राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी शामिल रहे। सूत्रों के अनुसार, DG आनंद स्वरूप के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद ADG क्राइम बी.के. सिंह सबसे पहले DG पद पर पदोन्नत किए जाएंगे।
इसके बाद, DG ट्रेंनिंग तिलोत्तमा वर्मा और DG सिविल डिफेंस अभय कुमार प्रसाद जल्द ही रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में खाली होने वाले DG पदों के लिए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की पदोन्नति की राह खुल जाएगी।
हालांकि कानपुर पुलिस कमिश्नर IPS अखिल कुमार और IPS राजा श्रीवास्तव, जो क्रम में अगली पंक्ति में हैं, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं या पहले से तैनात हैं। इस स्थिति में UP STF के प्रमुख ADG ध्रुव ठाकुर और लखनऊ ADG सुजीत पांडेय के नाम आगे आ रहे हैं, जिनकी DG पद पर पदोन्नति तय मानी जा रही है।
DG पद की दौड़ में शामिल IPS अधिकारी
विनोद कुमार सिंह – वर्तमान में ADG क्राइम
अखिल कुमार – ADG, पुलिस कमिश्नर, कानपुर (संभावित केंद्रीय प्रतिनियुक्ति)
राजा श्रीवास्तव – ADG, CRPF (पहले से केंद्र में तैनात)
ध्रुव ठाकुर – ADG, STF
सुजीत पांडेय – ADG, लखनऊ
प्रकाश डी – ADG, रेलवे (उत्तर प्रदेश)