राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था फिर से एक बार एक अनुभवी अफसर के नेतृत्व में है। गुरुवार यानी आज ही को एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। दिल्ली पुलिस के लिए यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब निवर्तमान कमिश्नर संजय अरोड़ा अपने दो वर्ष के कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
कौन हैं एसबीके सिंह
जानकारी के मुताबिक, एसबीके सिंह की पहचान एक सुलझे हुए और रणनीतिक सोच वाले अफसर के तौर पर है। उनके पास नॉर्थ ईस्ट से लेकर दिल्ली तक कानून-व्यवस्था को संभालने का व्यापक अनुभव है।
वह मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी रह चुके हैं। दिल्ली पुलिस में उन्होंने खुफिया, तकनीकी, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, और अपराध जैसे प्रमुख डिवीजनों का नेतृत्व किया है।
बेहद शानदार रहा संजय अरोड़ा का कार्यकाल
संजय अरोड़ा के कार्यकाल में जहां ड्रग्स के खिलाफ रिकॉर्ड जब्तियां और संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई हुई, वहीं अब देखना यह होगा कि एसबीके सिंह राजधानी की बदलती चुनौतियों—जैसे साइबर फ्रॉड, सांप्रदायिक तनाव और वीआईपी सुरक्षा—को कैसे साधते हैं।