उत्तर प्रदेश पुलिस परिवारों की बेटियों के लिए HPV वैक्सीनेशन अभियान एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल के रूप में सामने आया है। लखनऊ पुलिस लाइंस में आयोजित इस टीकाकरण कार्यक्रम में बेटियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा देने के लिए HPV वैक्सीन दी गई। ये न केवल एक स्वास्थ्य सेवा है, बल्कि महिलाओं की भविष्य की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

डीजीपी ने कहा ये
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, राजीव कृष्ण ने इस अभियान में प्रतिभाग कर इसे एक “स्वास्थ्य, जागरूकता और बचाव की दिशा में सशक्त पहल” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह अभियान बेटियों के लिए “आशा और सुरक्षा का कवच” है। उन्होंने इस प्रयास के लिए लखनऊ पुलिस को बधाई दी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संरक्षण में संचालित इस जीवनरक्षक पहल को सराहनीय बताया।

बेहद जरूरी था ये कार्यक्रम
HPV वैक्सीनेशन कार्यक्रम खासकर पुलिस बल के परिवारों की बेटियों के लिए एक ऐसी स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था है, जो समय रहते गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करती है। यह अभियान पुलिस कल्याण के प्रयासों को एक नई दिशा देता है और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रमों की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

ये पहल दिखाती है कि उत्तर प्रदेश पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सजग है, बल्कि अपने परिवारों के सामाजिक और स्वास्थ्य कल्याण के लिए भी उतनी ही संवेदनशील है।