Bulandshahr: महिला थाना प्रभारी से अभद्रता करने वाले दो पुलिसकर्मी निलंबित, SSP ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

Share This

बुलंदशहर नगर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की महिला थाना प्रभारी से बदसलूकी अब उन्हें भारी पड़ गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

ये था मामला

यह मामला 5 जुलाई का है, जब महिला थाना प्रभारी रजनी वर्मा सादा कपड़ों में थाने जा रही थीं। रास्ते में आवास-विकास चौकी के पास दो पुलिसकर्मी कार लेकर सड़क पर बैठे मिले। जब उन्होंने रास्ता साफ करने को कहा, तो दोनों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा में जवाब देते हुए धमकी भी दी। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने थाना प्रभारी पर कार भी चढ़ाने का प्रयास किया। यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

महिला अधिकारी ने तुरंत मामले की सूचना एएसपी ऋजुल को दी। नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पुलिसकर्मियों को कार समेत आवास-विकास चौकी ले जाया गया। जांच में सामने आया कि ये दोनों पुलिसकर्मी — हेड कांस्टेबल अनुज और रूधन, कोतवाली देहात में तैनात थे।

घटना के बाद दोनों को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया था और एएसपी स्तर पर जांच शुरू की गई थी। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि दोनों ने सार्वजनिक स्थान पर महिला अधिकारी से अभद्रता की, जो न केवल अनुशासनहीनता है बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी धूमिल करता है।

एसएसपी ने कहा ये

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की हरकतें शून्य सहनशीलता की श्रेणी में आती हैं और संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभागीय जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *