उत्तर प्रदेश पुलिस बल को नई ताकत मिलने जा रही है। राज्यभर में चयनित 60,244 आरक्षियों को 15 जून को लखनऊ में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
लखनऊ में सुरक्षा और यातायात को लेकर विशेष योजना
विशाल स्तर पर आयोजित इस समारोह को लेकर राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने के निर्देश जारी हो चुके हैं। 15 जून को लखनऊ की सीमाओं पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। केवल जरूरी सामान लाने वाले वाहनों को ही छूट मिलेगी।
इस मौके पर लखनऊ के अलावा आसपास के जिलों—कानपुर, रायबरेली, सीतापुर, फतेहपुर, सुलतानपुर, उन्नाव, महोबा, अमेठी, जालौन और बस्ती—में भी डायवर्जन की व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात नियंत्रण के लिए हर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सीओ या इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।
प्रदेश के कोने-कोने से चयनित अभ्यर्थियों को समारोह में पहुंचाने के लिए परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई है। वेस्ट यूपी और दिल्ली-हरियाणा सीमा से करीब 10,304 अभ्यर्थी 238 बसों के जरिए लखनऊ लाए जाएंगे। हर जिले से एक राजपत्रित अधिकारी भी बसों की निगरानी के लिए साथ भेजा जाएगा।
नई भर्ती से पुलिस को मिलेगा नया जोश और युवा ऊर्जा
उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में यह भर्ती एक बड़ा कदम है, जो न सिर्फ बल की क्षमता बढ़ाएगा, बल्कि राज्य में कानून-व्यवस्था को भी और अधिक सशक्त बनाएगा। युवा अभ्यर्थियों के आने से पुलिसिंग को नई ऊर्जा मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि चयन प्रक्रिया से लेकर तैनाती तक, सब कुछ पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से हो।