गोरखपुर। वर्दी और राजनीति के बीच फंसे एक सिपाही ने अब खुलकर अपना पक्ष रख दिया है। गोरखपुर में डायल-112 में काम कर रहे निलंबित सिपाही श्याम सुंदर चौहान ने जांच अधिकारी को लिखकर बता दिया है कि अगर विभाग उन्हें नौकरी से निकाल भी देता है, तब भी वह समाजवादी पार्टी से अपना नाता नहीं तोड़ेंगे।
तीन महीने से थे सस्पेंड
करीब तीन महीने से वह निलंबित चल रहे हैं। अब जब मुख्यालय की तरफ से उन्हें नौकरी से हटाने को लेकर नोटिस मिला, तो उन्होंने जवाब में पीछे हटने के बजाय दो टूक कह दिया कि राजनीति उनकी अपनी पसंद है और वह इसी रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। उनके इस जवाब के बाद से महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
विभाग का कहना है कि वर्दी में रहते हुए राजनीतिक मंचों पर जाना सेवा नियमों के खिलाफ है। आरोप है कि श्याम सुंदर सपा के कार्यक्रमों में शामिल होते रहे, मंच से भाषण दिया और सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक बातें लिखते रहे। निलंबन के बाद पुलिस लाइन में हाजिरी न लगाने और लंबे समय तक ड्यूटी से दूर रहने का आरोप भी उन पर लगा है।
दूसरी तरफ चर्चा है कि श्याम सुंदर का मन अब पूरी तरह राजनीति में लग चुका है। बताया जा रहा है कि वह 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में संतकबीरनगर की धनघटा सीट से किस्मत आजमाना चाहते हैं। इसी वजह से वह लगातार सपा के कार्यक्रमों में नजर आ रहे थे।
112 में हुए थे तैनात
श्याम सुंदर मूल रूप से संतकबीरनगर के महुली इलाके के नैना झाला गांव के रहने वाले हैं। 2023 में कुशीनगर से तबादला होकर वह गोरखपुर आए थे और यहां डायल-112 में तैनात हुए थे।
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है। नोटिस, जवाब और जांच अधिकारी की रिपोर्ट देखने के बाद ही मुख्यालय इस पर अंतिम फैसला लेगा कि सिपाही पर बर्खास्तगी की कार्रवाई होगी या कोई और सजा दी जाएगी।