आतंकी हमले से निपटने के लिए लखनऊ में NSG-UP पुलिस की साझा ट्रेनिंग, CM योगी दिखाएंगे हरी झंडी

Share This

लखनऊ। अगर कभी राजधानी में कोई बड़ी आतंकी घटना हो जाए तो पुलिस कितनी जल्दी और कितनी सही तरीके से जवाब देगी, इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए बुधवार से एक खास अभियान शुरू हो रहा है। पुलिस लाइंस में देश की सबसे कुशल कमांडो फोर्स और प्रदेश पुलिस के जवान एक साथ पसीना बहाएंगे। इस साझा अभ्यास की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों होगी।

जानें पूरी डिटेल

दरअसल, पिछले कुछ सालों में खतरे का अंदाज बदल गया है। अब हमला सिर्फ सीमा पर नहीं होता, शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके, बड़े दफ्तर या सार्वजनिक जगह भी निशाने पर हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि स्थानीय पुलिस और स्पेशल फोर्स के बीच आपसी समझ पहले से ही मजबूत हो। यही वजह है कि इस बार सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पर जोर दिया जा रहा है।

ट्रेनिंग में जवानों को सिखाया जाएगा कि अगर किसी इमारत में आतंकी घुस जाएं तो घेराबंदी कैसे की जाए। अगर लोगों को बंधक बना लिया जाए तो बातचीत से लेकर ऑपरेशन तक का पूरा प्लान कैसे बनेगा। बंधकों को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालना सबसे कठिन काम होता है, इसलिए इस पर अलग से मॉक ड्रिल होगी। साथ ही अलग-अलग विभागों के बीच वायरलेस पर बातचीत, सूचना का आदान-प्रदान और मौके पर फैसले लेने की क्षमता को भी जांचा जाएगा।

एनएसजी के ट्रेनर अपने अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने देश में कई बड़े ऑपरेशन देखे हैं, इसलिए उनकी बारीकियां यूपी पुलिस के लिए काफी काम की होंगी। जवानों को यह भी बताया जाएगा कि ऑपरेशन के दौरान आम लोगों में दहशत न फैले, इसके लिए क्या सावधानी बरतनी चाहिए।

दो महीने पहले भी हुआ था अभ्यास

गौरतलब है कि दो महीने पहले भी सितंबर में लखनऊ में तीन दिन तक ऐसा ही अभ्यास हुआ था। उसमें एटीएस, जिला प्रशासन और लोकल पुलिस शामिल हुई थी। उस अभ्यास से मिली खामियों को अब इस नई ट्रेनिंग में दूर करने की कोशिश होगी, ताकि आने वाले समय में राजधानी की सुरक्षा और पुख्ता हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *