क्रिकेटर सुरेश रैना बोले – यूपी में अब डर कम, भरोसा ज्यादा; डीजीपी बोले – पुलिस को और मजबूत कर रहे हैं

Share This

 

 

लखनऊ। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले के मुकाबले आज उत्तर प्रदेश में आम आदमी खुद को ज्यादा महफूज समझता है। पुलिस के काम को लेकर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि जवानों की मेहनत अब जमीन पर साफ दिखने लगी है। रैना के इस बयान के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है।

कार्यक्रम में कहा ये

राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में रैना से पूछा गया कि क्या बीते वर्षों में यूपी की तस्वीर बदली है? क्या लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है? जवाब में रैना ने साफ कहा कि वह खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की लगन की प्रशंसा की और उनके जज्बे को सलाम किया। उन्होंने कहा कि फील्ड में तैनात जवान दिन-रात मेहनत करते हैं और उनकी इसी मेहनत से प्रदेश में बदलाव आया है।

रैना ने अपने पुराने दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्होंने मोरादनगर में अभ्यास किया था। उस दौर से ही यूपी से उनका भावनात्मक रिश्ता बन गया। इसी वजह से प्रदेश के हर सकारात्मक बदलाव पर उनकी नजर रहती है। उनका कहना था कि पुलिस जिस गंभीरता से अपनी ड्यूटी कर रही है, वह काबिले-तारीफ है।

डीजीपी ने रखा अपना पक्ष

उसी मंच पर प्रदेश के पुलिस प्रमुख राजीव कृष्ण ने भी सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम हुई है। लोगों का विश्वास बढ़ना ही सबसे बड़ी कामयाबी है। बिना भरोसे के कोई भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।

उन्होंने बताया कि विभाग को सशक्त करने के लिए कई मोर्चों पर एक साथ काम हो रहा है। नए जवानों की भर्ती, पुराने कर्मियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर हथियार और टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल, इन सब पर ध्यान दिया जा रहा है। धीरे-धीरे इसका फायदा भी नजर आ रहा है।

राजीव कृष्ण ने माना कि अपराध का तरीका अब पहले जैसा नहीं रहा। साइबर अपराध से लेकर संगठित गिरोह तक, पुलिस के सामने नई-नई चुनौतियां हैं। हर चुनौती के हिसाब से तैयारी करना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी इकाइयों के बीच तालमेल बढ़ाया जा रहा है ताकि एक टीम की तरह काम हो सके और प्रदेश को और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *