Noida : थाने में तैनात युवा महिला SI की सरकारी आवास में मौत, सुबह पिता का फोन न उठा तो खुला मामला

Share This

 

ग्रेटर नोएडा। जारचा थाने में साइबर का काम देख रहीं 27 वर्षीय महिला सब इंस्पेक्टर का शव मंगलवार सुबह उनके सरकारी क्वार्टर के बाथरूम से मिला। वह अकेली रह रही थीं। पुलिस को शुरुआती तौर पर दिल का दौरा पड़ने का शक है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम जांच के बाद ही पता चलेगा।

ये है मामला 

मृतक SI की पहचान रश्मि गौतम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कानपुर देहात की रहने वाली थीं। तीन साल पहले ही उनका पुलिस सेवा में चयन हुआ था। मौजूदा समय में वह जारचा थाने में तैनात थीं और वहां साइबर से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। थाने के भीतर बने आवास में वह अकेले रहती थीं। परिवार में पिता दमकल विभाग में कार्यरत हैं।

बताया गया है कि सोमवार को भी रश्मि ने सामान्य तौर पर थाने में काम किया था। किसी तरह की तबीयत खराब होने की जानकारी साथियों को नहीं थी। मंगलवार सुबह उनके पिता ने रोज की तरह हालचाल जानने के लिए फोन लगाया। कई बार कोशिश के बाद भी जब उधर से कोई जवाब नहीं आया तो पिता परेशान हो गए।

उन्होंने रश्मि की एक महिला साथी को घर जाकर देखने के लिए कहा और थानाध्यक्ष को भी जानकारी दी। साथी जब आवास पर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद पुलिस टीम को बुलाया गया। टीम ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो रश्मि बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी 

थानाध्यक्ष के अनुसार, शुरुआती निरीक्षण में शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं दिखा। इसी वजह से दिल के दौरे की आशंका जताई जा रही है। परिवार को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *