चित्रकूट पुलिस लाइन में दौड़ ने खोल दी पोल, 8 जवान नहीं लगा सके 400 मीटर का चक्कर

Share This

 

चित्रकूट। शुक्रवार की सुबह पुलिस लाइन का माहौल हमेशा की तरह नहीं था। साप्ताहिक परेड के लिए जवान कतार में खड़े थे, लेकिन असली परीक्षा तो परेड के बाद होनी थी। एसपी अरुण कुमार सिंह ने जवानों की फिटनेस जांचने के लिए 400 मीटर की दौड़ करा दी। बस, यहीं पर आठ पुलिसकर्मियों की सांस फूल गई और वे दौड़ पूरी किए बिना ही रुक गए।

ली परेड की सलामी

एसपी ने सबसे पहले परेड की सलामी ली। वर्दी, बेल्ट, टोपी सब कुछ चेक किया। फिर सभी को मैदान में व्यायाम कराया गया। इसके बाद बारी थी दौड़ की। जैसे ही सीटी बजी, जवान दौड़ पड़े। कुछ तो तेजी से आगे निकल गए, लेकिन आठ जवान बीच में ही हांफने लगे। चार ने तो तबीयत खराब होने का हवाला दिया, बाकी चार के पास बताने को कुछ था ही नहीं।

यह देखकर एसपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही सभी को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि वर्दी पहनकर कुर्सी पर बैठना ही पुलिस की नौकरी नहीं है। भागना-दौड़ना, अपराधी को पकड़ना, रात में गश्त करना, सब फिटनेस से ही होगा। अगर पुलिसवाला ही अनफिट होगा तो जनता की सुरक्षा कौन करेगा?

एसपी ने साफ कहा कि सर्दी शुरू हो गई है, शरीर को और ज्यादा मेहनत की जरूरत है। रोज सुबह उठकर दौड़ और व्यायाम को आदत बनानी होगी। जो जवान आज दौड़ में पीछे रह गए, उन्हें चेतावनी दी गई है। अगली बार ऐसी लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी।

एसपी ने लगाए चक्कर

परेड के बाद एसपी पूरे पुलिस लाइन में घूमे। उन्होंने गाड़ियों की हालत देखी, डायल-112 के दफ्तर में जाकर व्यवस्थाएं परखीं। बैरक, मेस, कैंटीन, मंदिर और आर्मरी तक का निरीक्षण किया। जहां गंदगी मिली, वहां सफाई के निर्देश दिए। जहां गाड़ियों में कमी दिखी, उसे तुरंत ठीक करने को कहा।

आखिर में अर्दली रूम में जवानों की शिकायतें भी सुनीं। इस दौरान सीओ लाइन फहद अली, आरआई राम शीष यादव और एफएसओ पवन त्यागी भी साथ रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *