बरेली में नए डीआईजी मुनिराज गोबू ने संभाला कार्यभार, चुनाव और कानून व्यवस्था को बताया पहली प्राथमिकता

Share This

बरेली रेंज को नया डीआईजी मिल गया है। 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज गोबू ने शुक्रवार शाम को पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दीं। उनका कहना है कि आने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराना और कानून व्यवस्था को मजबूत रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।

सीएम से की वीडियो कॉन्फ्रेंस

पदभार ग्रहण करने के बाद डीआईजी मुनिराज गोबू मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी शामिल हुए। इसके बाद वह अमरोहा के लिए रवाना हो गए, जहां मुख्यमंत्री का तिगरी मेले में कार्यक्रम प्रस्तावित है।

डीआईजी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए रेंज के सभी जिलों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी जिलों के कप्तानों के साथ समन्वय बनाकर बेहतर कानून व्यवस्था कायम करने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो।

बता दें कि मुनिराज गोबू बरेली के लिए नए नहीं हैं। वह 2018-19 में यहां एसएसपी रह चुके हैं। उस दौरान उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा था। सराफ लूटकांड के आरोपियों को मुठभेड़ में ढेर किया गया था, जिसके लिए पुलिस टीम को राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिला था। बिथरी चैनपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित उपद्रव को भी उनकी सतर्कता से टाल दिया गया था।

उनके आगमन पर एसएसपी अनुराग आर्य सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कहां मिली अजय कुमार साहनी को तैनाती

वहीं, निवर्तमान डीआईजी अजय कुमार साहनी का मुरादाबाद रेंज में तबादला हुआ है। वह भी 2009 बैच के आईपीएस हैं। उन्होंने 7 मई 2025 को बरेली डीआईजी का कार्यभार संभाला था। उनका करीब डेढ़ साल का कार्यकाल रहा। इस दौरान सितंबर में शहर में हुए उपद्रव के बाद आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बदायूं में इस्लामनगर डकैती के मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू का एनकाउंटर भी उन्हीं के कार्यकाल में हुआ था।

जाते हुए अजय साहनी ने कहा कि बरेली की जनता काफी अच्छी है और यहां का कार्यकाल उनके लिए यादगार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *