1 दिसंबर से शुरू होगा नए दरोगा और प्लाटून कमांडर का आधारभूत प्रशिक्षण, प्रशिक्षण निदेशालय ने जारी किया प्रस्ताव

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में नई भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय ने सीधी भर्ती और मृतक आश्रित के तहत चयनित उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर के आधारभूत प्रशिक्षण की तारीख तय कर दी है। प्रस्ताव के अनुसार, इन सभी अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 1 दिसंबर 2026, मंगलवार से शुरू होगा।

पत्र में कहा गया ये 

पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से 4 नवंबर 2026 को इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है। यह पत्र पुलिस महानिरीक्षक, स्थापना, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि आगामी सीधी भर्ती और मृतक आश्रित के तहत चयनित उपनिरीक्षक व प्लाटून कमांडर का आधारभूत प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से तय किए गए संयुक्त विचारोपरांत पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में कराया जाना प्रस्तावित है।

बताया जा रहा है कि यह पत्र पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है। पत्र पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ देव रंजन वर्मा के हस्ताक्षर हैं।

इस फैसले के बाद अब प्रशिक्षण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशिक्षण संस्थानों में रहने, खाने, वर्दी, हथियारों के प्रशिक्षण, परेड, कानून की पढ़ाई और शारीरिक दक्षता से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि समय पर प्रशिक्षण शुरू होने से नई भर्ती का पूरा कैलेंडर सही रहेगा और थानों व वाहिनियों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने में भी मदद मिलेगी।

मायने रखता है प्रशिक्षण

मृतक आश्रित कोटे से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह प्रशिक्षण खास मायने रखता है, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद उन्हें सेवा में आने का मौका मिल रहा है। वहीं सीधी भर्ती से चयनित युवाओं में भी इस खबर को लेकर उत्साह है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *