बुलंदशहर में पुलिस पर टूट पड़े ग्रामीण, वर्दी तार-तार की, जीप को कुचलने के लिए दौड़ा दिया ट्रैक्टर

Share This

बुलंदशहर। कानून का नोटिस पहुंचाने गए पुलिस वालों को गांव में ऐसी मेहमाननवाजी मिली कि वर्दी ही तार-तार हो गई। ईसेपुर गांव में सोमवार की रात उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब बराल चौकी की टीम एक केस के सिलसिले में पहुंची थी। बात नोटिस देने से शुरू हुई और देखते ही देखते ट्रैक्टर से जीप को कुचलने की कोशिश तक जा पहुंची।

ये है मामला 

बताया जा रहा है कि चौकी इंचार्ज धर्मवीर सिंह अपने सिपाहियों के साथ गांव में एक पुराने मुकदमे की जांच और नोटिस चस्पा करने गए थे। गांव में आरोपी सूबे के घर के बाहर टीम ने उसे बुलाया। अभी कागज थमाया ही जा रहा था कि माहौल बिगड़ने लगा। सूबे का बेटा राहुल और गांव का ही आकाश वहां आ धमके। दोनों ने पहले तो पुलिस से बहस की, फिर गाली-गलौज पर उतर आए।

पुलिस ने शांत कराने की कोशिश की, लेकिन राहुल ने दारोगा का कॉलर पकड़ लिया। झूमाझटकी में दारोगा की वर्दी का कंधा फट गया, कंधे पर लगा बैज तक उखाड़कर फेंक दिया गया। बीच-बचाव में आए हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी नहीं बचे, उनकी वर्दी का भी एक तरफ का हिस्सा फाड़ दिया गया।

दर्जनभर लोगों ने किया हमला

इसके बाद टीम जैसे-तैसे आकाश को दबोचकर जीप में बैठाकर थाने के लिए निकली। गांव के बाहर निकलते ही सीन और खतरनाक हो गया। ट्रैक्टर और बाइकों पर सवार करीब दर्जन भर लोग, जिनमें महिलाएं भी थीं, अचानक जीप के आगे आ गए। आरोप है कि आकाश के भाई विकास ने ट्रैक्टर को फुल स्पीड में जीप की तरफ दौड़ा दिया। अगर ड्राइवर ने ऐन वक्त पर जीप को खेत में न उतारा होता, तो बड़ा हादसा हो जाता।

भीड़ का मकसद पकड़े गए आकाश को छुड़ाना था। शोर-शराबा सुनकर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार शर्मा भारी फोर्स लेकर पहुंचे, तब जाकर हमलावर ट्रैक्टर-बाइक छोड़कर भागे। पुलिस ने विकास को मौके से ही दबोच लिया। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, बाकी की तलाश चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *