कल दिवाली पर यूपी-112 रहेगा फुल अलर्ट, पीआरवी पहुंचेगी सबसे तेज

Share This

कल दिवाली है और इस मौके पर यूपी-112 ने मदद की पूरी तैयारी कर ली है। त्योहार के दौरान किसी भी इमरजेंसी में लोगों को तुरंत सहायता मिल सके, इसके लिए 6 से 11 नवंबर तक मुख्यालय में चार शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। हर शिफ्ट में पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि एक भी कॉल अटकी न रहे।

इसलिए है तैयारी

दिवाली पर आगजनी, हादसे, झगड़े और भीड़ से जुड़ी घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसी को देखते हुए हाई प्रायोरिटी वाली घटनाओं पर खास नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से जैसे ही सूचना मिलेगी, नजदीकी पीआरवी को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि रिस्पांस टाइम को और तेज करने पर जोर दिया जा रहा है।

यूपी-112 के महानिदेशक बिनोद कुमार सिंह ने मुख्यालय के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इंस्पेक्टर से लेकर आरक्षी तक हर स्तर पर स्टाफ की कमी नहीं होनी चाहिए। सिस्टम संभालने वाली एजेंसियों और सर्विस प्रोवाइडर के कर्मचारियों का भी शिफ्टवार रोस्टर बनाया जाए, ताकि तकनीकी दिक्कत आते ही उसे ठीक किया जा सके।

मुख्यालय में बिजली व्यवस्था को भी पुख्ता किया गया है। जनरेटर को जांचकर दुरुस्त रखा गया है और पर्याप्त डीजल रिजर्व रखने को कहा गया है। मकसद यही है कि बिजली जाने पर भी कंट्रोल रूम का काम न रुके और कॉल रिसीव होती रहें।

अफसरों ने दी जानकारी 

अधिकारियों ने साफ कहा है कि दिवाली पर इमरजेंसी कॉल पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर कॉल को गंभीरता से लिया जाएगा। यूपी-112 की पूरी टीम अलर्ट मोड पर रहेगी, ताकि लोग बेफिक्र होकर त्योहार मना सकें और जरूरत पड़ने पर मदद तुरंत पहुंच जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *