अलीगढ़ में निलंबित दारोगा की आत्महत्या, वायरल वीडियो के बाद से था तनाव में

Share This

 

अलीगढ़। दीवानी परिसर में शराब के नशे में दिखने का वीडियो सामने आने के बाद निलंबित हुए दारोगा सुंदरम तिवारी ने बुधवार को अपने किराये के मकान में आत्महत्या कर ली। आईटीआई रोड स्थित कमरे में उनका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये है मामला 

जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले दीवानी परिसर में सुंदरम तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उनके नशे में होने की बात कही जा रही थी। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आते ही उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

बुधवार को काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खोला तो दारोगा का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

सुंदरम तिवारी मूल रूप से मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले थे। पिता श्रीचंद तिवारी ने बताया कि वीडियो वायरल होने और निलंबन के बाद से बेटा गहरे तनाव में था। परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कमरे से सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *