लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए DGP राजीव कृष्णा और ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने शनिवार को प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, IG, DIG, SSP और SP के साथ ऑनलाइन बैठक की। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में 5 मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया गया
पहला- इंटेलिजेंट पेट्रोलिंग: DGP ने कहा कि व्यस्त बाजारों में शाम के समय वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी खुद पैदल गश्त करें। गश्त से पहले इलाके के क्राइम पैटर्न का विश्लेषण किया जाए। दुकानदारों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो। बीट सिपाहियों को अवैध शराब, नशा और हथियारों के नेटवर्क की खुफिया जानकारी जुटाने के लिए ब्रीफ किया जाए। यूपी-112 की गाड़ियां धीमी गति से लगातार गश्त करें और शाम 6-7 बजे के बाद सायरन बजाकर मौजूदगी दिखाएं।
दूसरा- ट्रैफिक: त्योहारों पर जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक ड्यूटी का पुनर्गठन हो और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाया जाए।
तीसरा- पटाखा सुरक्षा: पटाखा दुकानें खुले और सुरक्षित स्थान पर, मुख्य बाजार से अलग लगें। सभी के लिए अस्थायी लाइसेंस जरूरी हो, पानी, रेत और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य हो। पिछले पांच सालों में हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए सघन जांच के निर्देश हैं।
चौथा- फायर अलर्ट: दीपावली से छठ तक फायर विभाग अलर्ट पर रहेगा। संवेदनशील जगहों पर फायर टेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
पांचवा- महिला सुरक्षा: भैया दूज पर बस, रेलवे स्टेशन और भीड़ वाले इलाकों में महिला सुरक्षा के विशेष इंतजाम होंगे।