घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार से की मुलाकात
डीजीपी राजीव कृष्णा शुक्रवार को ब्राह्मणी टोला पहुंचे और 26 अक्टूबर को हुए हत्याकांड से जुड़े घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की। शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी ने उनसे मुलाकात के दौरान आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। डीजीपी ने परिवार को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया।
गौरतलब है कि 26 अक्टूबर को कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद में सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात का मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला बताया गया है। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।
इस मामले में राजेश शुक्ला और दिव्या समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेश शुक्ला और दिव्या अभी फरार हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पत्नी ने की आरोपियों के एनकाउंटर और फांसी की मांग
मुलाकात के दौरान ऊषा तिवारी ने राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला के एनकाउंटर की मांग की। साथ ही मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग उठाई। डीजीपी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।