बरेली में जनसुनवाई को हल्के में लेना दो थाना प्रभारियों को भारी पड़ गया। SSP अनुराग आर्य ने विशारतगंज और शेरगढ़ थाने के प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
बुधवार को SSP ने पुलिस लाइन में करीब 5 घंटे तक सभी थानों की शिकायतों का ऑडिट किया। रिपोर्ट में दो थानों का ग्राफ तेजी से बढ़ता मिला।
विशारतगंज में जहां अगस्त में 43 शिकायतें आई थीं, वहीं सितंबर में यह आंकड़ा 63 पर पहुंच गया। यानी 46% का उछाल। शेरगढ़ का हाल भी ऐसा ही रहा। यहां 66 से बढ़कर 86 शिकायतें हो गईं। यह पिछले 16 महीने के औसत से भी 24% ज्यादा है।
SSP ने इसे सीधे तौर पर थाना प्रभारियों की निष्क्रियता माना और दोनों को तत्काल पुलिस लाइन भेजने का आदेश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों में न हो।
बहेड़ी में महिला ने लगाई गुहार तो सिपाही पर गिरी गाज
इसी समीक्षा के दौरान बहेड़ी थाने के सिपाही अंकुश खन्ना की लापरवाही भी सामने आई। एक महिला ने 23 अक्टूबर को थाने में शिकायत दी थी, लेकिन सिपाही ने फाइल ही दबा दी।
जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो महिला 28 अक्टूबर को सीधे SSP दफ्तर पहुंच गई। जांच में मामला सही मिलने पर SSP ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।