चुनाव से पहले UP पुलिस में बड़ी हलचल, 3 साल से एक ही जिले में जमे पुलिसकर्मियों का होगा तबादला

Share This

लखनऊ: यूपी में होने वाले आगामी चुनाव को लेकर पुलिस महकमे में फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। चुनाव आयोग के आदेश के बाद डीजीपी मुख्यालय हरकत में आ गया है और उन पुलिसकर्मियों की लिस्ट तैयार कर रहा है जो एक ही जिले में तीन साल से जमे हुए हैं।

डीजीपी ने मांगा ब्योरा

मुख्यालय से सभी जिलों के कप्तानों और कमिश्नरेट को पत्र भेजकर ऐसे अफसरों और जवानों का पूरा ब्योरा तलब किया गया है। यह तबादला सिर्फ सिपाही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आईपीएस से लेकर पीपीएस तक सभी इसकी जद में आएंगे।

सूत्रों के मुताबिक इस लिस्ट में 20 से ज्यादा आईपीएस अफसरों के नाम शामिल हो सकते हैं। वहीं इंस्पेक्टर, दरोगा, एडिशनल एसपी और सिपाही मिलाकर करीब 2000 पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया जा सकता है। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाने पर भी विचार हो रहा है।

दरअसल चुनाव आयोग का साफ नियम है कि चुनाव को निष्पक्ष रखने के लिए लंबे समय से एक ही जगह जमे और अपने गृह जनपद में तैनात पुलिसकर्मी को हटाया जाए। ताकि वह स्थानीय प्रभाव का इस्तेमाल न कर सकें।

इस बात का भी रखा जाएगा ध्यान

इतना ही नहीं, पिछली बार विधानसभा या लोकसभा चुनाव में जिस जिले में जिस पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी थी, अगर वह आज भी वहीं तैनात है तो उसका भी तबादला तय माना जा रहा है। डीजीपी मुख्यालय जल्द ही पूरी सूची फाइनल कर शासन को भेजेगा और अधिसूचना जारी होने से पहले ही सभी तबादले करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *