मऊ में पुलिस विभाग के एक जवान ने खेल के मैदान में जिले का नाम रोशन किया है। डायल-112 में तैनात आरक्षी चंद्रहास को हॉकी में शानदार प्रदर्शन के लिए एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने सम्मानित किया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर हौसला बढ़ाया गया।
मिले ये सम्मान
पुलिस विभाग के मुताबिक आरक्षी चंद्रहास ने साल 2026 में दो बड़ी हॉकी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। 24 जुलाई 2026 को मऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में 74वीं अंतरजनपदीय हॉकी प्रतियोगिता, वाराणसी जोन का आयोजन किया गया था। इसमें चंद्रहास ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया।
इसके बाद 16 सितंबर 2026 को बाराबंकी में हुई 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक हॉकी प्रतियोगिता में भी चंद्रहास ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की पुलिस टीमें शामिल हुई थीं। कड़े मुकाबले में चंद्रहास की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इन दोनों उपलब्धियों को देखते हुए एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया। उन्होंने चंद्रहास को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
एसपी ने कहा ये
एसपी मिश्रा ने कहा कि चंद्रहास की यह उपलब्धि पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है। ड्यूटी के साथ-साथ खेल में भी अच्छा प्रदर्शन करना बड़ी बात है। ऐसे जवान अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने जवानों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा।