मेरठ: मेरठ में एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया। कृषि विश्वविद्यालय में बनाए गए काउंटिंग सेंटर के गेट पर कांग्रेस उम्मीदवार विक्रांत वशिष्ठ और पुलिसकर्मी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते बहस बढ़ गई। इस दौरान विक्रांत वशिष्ठ के दरोगा से कथित तौर पर ‘औकात में रह’ कहने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
मोबाइल को लेकर गेट पर भिड़े उम्मीदवार और दरोगा
मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक एमएलसी सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रांत वशिष्ठ मतगणना केंद्र पहुंचे थे। यहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत मोबाइल फोन समेत प्रतिबंधित सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। प्रवेश द्वार पर तैनात दरोगा सतेंद्र ने कथित तौर पर उन्हें मोबाइल फोन के साथ अंदर जाने से रोक दिया।
इसी बात पर उम्मीदवार और दरोगा के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान विक्रांत वशिष्ठ ने पुलिसकर्मी से ‘औकात में रह’ कह दिया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया गया।
इस घटना के बाद काउंटिंग सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियमों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पूरे विवाद पर दोनों पक्षों का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।
सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटों की गिनती
मेरठ के कृषि विश्वविद्यालय में शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों के लिए मतगणना की व्यवस्था की गई है। दोनों सीटों के मतों की गिनती अलग-अलग हॉल में कराई जा रही है। प्रक्रिया शुरू होने के बाद मतपत्रों को छांटने और बंडल बनाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी।
चुनाव के नतीजों को लेकर उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की निगाहें काउंटिंग सेंटर पर टिकी हैं। शुरुआती रुझान आने के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है, जबकि अंतिम परिणाम आने में देर रात तक का समय लग सकता है।