शाहजहांपुर में सत्याग्रह एक्सप्रेस में एक छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही बताया जा रहा है। घटना के बाद SP सौरभ दीक्षित ने आरोपी सिपाही गौरव सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच GRP कर रही है।
ये है मामला
पीड़िता दिल्ली के लाजपत नगर में रहकर पढ़ाई करती है। वह 22 अक्टूबर को आनंद विहार से सत्याग्रह एक्सप्रेस में सवार होकर गोरखपुर जा रही थी। छात्रा के मुताबिक शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन के बीच वर्दी पहने एक व्यक्ति उसकी बर्थ पर आया। उस समय वह मोबाइल हाथ में लेकर सो रही थी। व्यक्ति ने उसे मोबाइल पर्स में रखने को कहा।छात्रा का आरोप है कि कुछ देर बाद वही व्यक्ति फिर उसकी बर्थ पर बैठ गया और अभद्रता करने लगा। कंबल डालकर दुष्कर्म की कोशिश की।
छात्रा ने बताया कि आरोपी की वर्दी पर यूपी पुलिस का टैग लगा था और कमर पर पिस्टल भी थी। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी रोजा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर भाग गया।
जांच में आया सामने
सूचना पर RPF मौके पर पहुंची और छात्रा से पूछताछ की। आरोपी की तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला। जांच में नाम सिपाही गौरव सिंह के रूप में सामने आया। बताया जा रहा है कि गौरव पहले करीब एक साल तक GRP में अटैच रहा था, फिलहाल उसकी तैनाती सिविल पुलिस में है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आरोपी को तत्काल निलंबित कर दिया है। GRP ने छात्रा की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।