लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर काफिले की गाड़ियों के टकराने की घटना को यूपी पुलिस ने गंभीरता से लिया है। DGP राजीव कृष्ण के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय SIT गठित की गई है।
कौन करेगा टीम की अध्यक्षता
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के मुताबिक SIT की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के IG किरण एस. करेंगे। टीम में सुल्तानपुर के ASP बृज नारायण सिंह और DSP ट्रैफिक राम कृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है।
SIT इस हादसे के असली कारणों, सुरक्षा, एस्कॉर्ट और ट्रैफिक व्यवस्था में हुई चूक की जांच करेगी। टीम मौके पर जाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों, एक्सप्रेस-वे की लेन व्यवस्था, गति सीमा और काफिले के आपसी समन्वय की पड़ताल करेगी।
जांच के मुख्य बिंदुओं में यह शामिल है कि अचानक ब्रेक लगने या टक्कर की नौबत क्यों आई, क्या काफिले के संचालन में गति और दूरी के नियमों का पालन हुआ था। साथ ही स्थानीय पुलिस के एस्कॉर्ट, पायलट वाहन और रूट क्लीयरेंस में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
ऐसे हुआ हादसा
बता दें कि सोमवार सुबह राहुल गांधी लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा सुल्तानपुर में MP/MLA कोर्ट में मानहानि के एक मामले में पेशी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर काफिले की 5 गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। हादसे में गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
DGP ने SIT को निर्देश दिया है कि वह भविष्य में VVIP मूवमेंट के दौरान ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा और ट्रैफिक सुझाव भी दे। टीम को सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर जल्द रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी है।