बुलंदशहर: 50 हजार का इनामी गौ तस्कर मुठभेड़ में घायल, पुलिस की पिस्टल लेकर भागा था

Share This

 

बुलंदशहर। थाना चोला पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर के बीच रविवार को मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।

ये है मामला

पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त 2026 की रात थाना चोला क्षेत्र के ग्राम सबदलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गौकशी की घटना हुई थी। इस मामले में थाना चोला में मुकदमा संख्या 217/26 धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम में केस दर्ज किया गया था। पुलिस तब से आरोपियों की तलाश कर रही थी।

इसी क्रम में आज 26 अक्टूबर को पुलिस ने इस मामले में वांछित शातिर आरोपी मुकीम पुत्र बाबू उर्फ बाबुद्दीन निवासी ग्राम सुतारी थाना चोला को गिरफ्तार किया। पुलिस उसे दो पुलिसकर्मियों के साथ बाइक से मेडिकल के लिए अस्पताल भेज रही थी। गैस गोदाम के पास बाइक फिसल कर गिर गई, इसी का फायदा उठाकर आरोपी मुकीम पुलिसकर्मी की पिस्टल लेकर फरार हो गया।

पुलिसकर्मियों ने तुरंत प्रभारी निरीक्षक चोला और डीसीआर को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स और स्वाट टीम देहात के साथ मौके पर पहुंचे और फरार बदमाश का पीछा किया। बदमाश गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में छिपा मिला। घेराबंदी होने पर उसने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सरकारी पिस्टल मय 9 जिंदा कारतूस और 1 खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

पहले इतने आरोपी गिरफ्तार

बताया गया है कि इस गौकशी कांड में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और एक पर एनएसए की कार्रवाई हुई है। आरोपी मुकीम लगातार फरार चल रहा था, जिस पर आईजी मेरठ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी पर पहले से 4 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *