बिजनौर। बढ़ापुर थाने के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो शेयर होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस विवाद से जुड़ी महिला मुख्य आरक्षी पिंकी रानी लापता हो गई हैं।
मुरादाबाद पुलिस ने उनकी गुमशुदगी का पत्र जारी किया है। पिंकी रानी मुरादाबाद जीआरपी लाइन में तैनात हैं और वहीं पास के एक निजी आवास में रहती थीं।
कब से हैं लापता
गुमशुदगी पत्र के मुताबिक पिंकी रानी 22 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी तलाश की, फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मझोला थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज की गई है।
पुलिस ने उनकी पहचान जारी की है। उम्र करीब 38 साल, रंग सांवला, कद औसत और लंबाई करीब 5 फीट 4 इंच। लापता होने के समय वह लोअर और टी-शर्ट पहने हुए थीं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कोई जानकारी मिले तो जीआरपी मुरादाबाद या नजदीकी थाने को बताएं।
ये था मामला
गौरतलब है कि यह वही महिला आरक्षी हैं, जिन्होंने निलंबित इंस्पेक्टर के साथ मंदिर के बाहर खड़े होकर वीडियो जारी किया था। वीडियो में दोनों ने कहा था कि वे मानसिक रूप से शादी कर चुके हैं और एक-दूसरे को जीवनसाथी मानते हैं। महिला ने कुछ लोगों पर फर्जी वीडियो से बदनाम करने और परेशान करने का आरोप भी लगाया था।
इससे पहले बढ़ापुर थाने के सरकारी ग्रुप में वीडियो शेयर होने पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया था। अब उसी मामले से जुड़ी महिला के लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि महिला की सुरक्षित तलाश पहली प्राथमिकता है।