गाजीपुर। गहमर थाने में तैनात सिपाही मोहित यादव पर 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने वीडियो जारी कर SP से शिकायत की है। वहीं सिपाही ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए खुद को फंसाए जाने की बात कही है।
ये है मामला
छात्रा के मुताबिक करीब 6 महीने पहले वह अपनी बुआ के साथ लखनऊ गई थी। वापसी में हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस में उसकी मुलाकात सिपाही मोहित यादव से हुई। आरोप है कि सिपाही ने खुद को गहमर थाने में तैनात बताकर उसका नंबर लिया और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ा ली।
छात्रा का आरोप है कि सिपाही ने शादी का झांसा देकर उसे होटल ले जाना शुरू किया, वहां उसकी आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना ली और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने पैसे की जरूरत बताकर उसे दूसरे लोगों के पास भेजा और यौन शोषण करवाया।
छात्रा ने दावा किया है कि उसकी बुआ को जब ये बात पता चली तो सिपाही और उसके साथी वीडियो को यूट्यूब-फेसबुक पर डालने की धमकी देने लगे। व्हाट्सएप चैट में शादी की बात होने का भी दावा किया गया है। छात्रा के मुताबिक उसने 5 अक्टूबर को SP से शिकायत की थी, कार्रवाई न होने पर CO जमानिया के पास गई।
छात्रा ने बयान बदलने के लिए धमकाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि बयान दर्ज कराने के बाद गहमर थाने में ही एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ सिपाही मिला और उसे व उसके पिता-बुआ को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। उससे एक कागज पर जबरन साइन कराने का भी आरोप है
सिपाही मोहित यादव ने कहा है कि ट्रेन में छात्रा से मुलाकात जरूर हुई थी। ट्रेन में एक युवक छात्रा का वीडियो बना रहा था, जिसे छात्रा के कहने पर उसने डिलीट करवाया था। इसके बाद बातचीत शुरू हुई। अब उसे फंसाया जा रहा है।
पुलिस क्या कह रही है –
SP ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने मामले में जांच की बात कही है। CO जमानिया अंकित तिवारी ने बताया कि शिकायत पर विभागीय जांच चल रही है, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।