लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस पर यूपी पुलिस ने अपने शहीदों को याद करने के लिए ‘वर्दी’ नाम की शॉर्ट फिल्म रिलीज की है। ये फिल्म सिर्फ एक ऑपरेशन की कहानी नहीं, बल्कि वर्दी के पीछे छुपे बलिदान और परिवार के दर्द की कहानी है।
फिल्म का मुख्य चेहरा हैं शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार। STF में तैनात सुनील कुमार को उनके अदम्य साहस के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था।
क्या हुआ था उस रात
20-21 जनवरी 2025 की आधी रात को शामली में कुख्यात मुकीम काला गैंग से STF की मुठभेड़ चल रही थी। फायरिंग में सुनील कुमार को गोली लग गई। जख्मी होने के बावजूद वो पीछे नहीं हटे और अपनी टीम को लीड करते रहे। उनकी अगुवाई में टीम ने एक लाख के इनामी बदमाश अरशद समेत 4 बदमाशों को ढेर कर दिया। लेकिन गोली का जख्म गहरा था और 22 जनवरी को सुनील कुमार शहीद हो गए। CM योगी ने 1 अक्टूबर को उनकी पत्नी मुनेश देवी को सम्मानित किया था।
फिल्म इसी जज्बे को दिखाती है। DGP राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में बनी इस फिल्म में बताया गया है कि एक जवान के जाने के बाद उसके परिवार में गर्व के साथ-साथ जो खालीपन आता है, उसे शब्दों में कहना मुश्किल है।
किसने लिखी स्क्रिप्ट
फिल्म को बड़े पर्दे के अंदाज में बनाया गया है। डायरेक्शन किया है नेशनल अवॉर्ड विनर तिग्मांशु धूलिया ने, जिन्होंने ‘पान सिंह तोमर’ बनाई थी। लीड में हैं अमित साध और अलका अमीन। सबसे खास बात, इसकी स्क्रिप्ट और वॉयस ओवर पुलिस के ही सिपाही कपिल दिनकर ने लिखी है, जबकि क्रिएटिव हेड DGP के PRO SP राहुल श्रीवास्तव रहे। सूचना विभाग के सहयोग से इसकी शूटिंग मुंबई में हुई है और इसे पुलिस के सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया है।