मेरठ: सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप, महिला फुटबॉल खिलाड़ी की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

Share This

मेरठ: सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई पहचान अब पुलिस तक पहुंच गई है। राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी की शिकायत पर आगरा में तैनात सिपाही शुभम तोमर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और निलंबन के लिए भी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

ये है मामला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मेरठ के किठौर क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल लोहियानगर क्षेत्र में अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहती है। वह कक्षा 10 में पढ़ाई कर रही है। फुटबॉल में वह राज्य स्तर पर खेल चुकी है और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी उसका चयन हुआ था, हालांकि वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि मार्च में स्नैपचैट के जरिए उसकी बातचीत शुभम तोमर से शुरू हुई थी। शुभम कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में आगरा में तैनात है। आरोप है कि दोस्ती बढ़ने के बाद सिपाही ने उसे आगरा और मेरठ के अलग-अलग स्थानों पर बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

सितंबर में रोहटा रोड स्थित एक होटल में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद किशोरी ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) में शिकायत की। वहीं, सिपाही की ओर से कंकरखेड़ा थाने में हनीट्रैप का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई।

मामला सामने आने के बाद सीओ सौम्या सिंह ने जांच की। पीड़िता और सिपाही को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए। सीडब्ल्यूसी के समक्ष भी दोनों के बयान लिए गए। जांच के दौरान पीड़िता की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। पुलिस के मुताबिक, जन्म प्रमाण पत्र समेत कुछ कागजात में गड़बड़ी मिली है। पीड़िता ने उम्र के सत्यापन के लिए मेडिकल जांच कराने की मांग की है।

सीओ की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

सीओ की रिपोर्ट एसएसपी को भेजे जाने के बाद सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। अधिकारियों ने आगरा पुलिस को विभागीय कार्रवाई और निलंबन के संबंध में रिपोर्ट भेजी है। पुलिस ने विवेचना साक्ष्यों के आधार पर करने के निर्देश दिए हैं और सीओ को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी बीच, पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इसी फुटबॉल अकादमी से जुड़े एक पुराने मामले में एक कोच पर महिला खिलाड़ी के साथ अश्लीलता करने और कथित तौर पर करियर खराब करने की धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *