जन्माष्टमी पर नोएडा में ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

Share This

 

नोएडा में जन्माष्टमी के पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ कानून व्यवस्था के लिए भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगी।

डीसीपी ने दी जानकारी 

डीसीपी ट्रैफिक अभय मिश्रा के मुताबिक, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए करीब 550 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा ट्रैफिक कंट्रोल के लिए 12 टीएसआई और 8 एसीपी भी तैनात रहेंगे। ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों को पहले ही ब्रीफ कर जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया है। ट्रैफिक संबंधी किसी भी समस्या के लिए पुलिस की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

जन्माष्टमी के दौरान नोएडा के इस्कॉन मंदिर और सनातन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इन मंदिरों के आसपास बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। लोगों की सुविधा के लिए निर्धारित डायवर्जन रूट लागू किए गए हैं। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि जोन प्रभारी लगातार निगरानी करेंगे।

2500 से अधिक जवान तैनात

कानून व्यवस्था के लिए 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी होगी। सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

मंदिर प्रबंधन ने भी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। वालंटियर्स को भी अलर्ट रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *