महिला की जान बचाने वाले सिपाही को मिला सम्मान, एसपी ने 5 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला

Share This

 

श्रावस्ती। मुश्किल वक्त में अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में उतरकर महिला की जिंदगी बचाने वाले पुलिसकर्मी कैलाश यादव को उनके साहस के लिए सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बुधवार को आरक्षी कैलाश यादव को प्रशस्ति पत्र सौंपने के साथ 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। पुलिस विभाग की ओर से किए गए इस सम्मान के बाद सिपाही की बहादुरी की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

ये है मामला 

मामला मल्हीपुर थाना क्षेत्र का है। 31 अगस्त को राप्ती योजना नहर खंड-6 की पुलिया के पास एक महिला अचानक करीब 15 फीट गहरी नहर में जा गिरी। नहर में पानी का बहाव काफी तेज था और महिला खुद को संभाल नहीं पा रही थी। इसी दौरान वहां ड्यूटी पर मौजूद आरक्षी कैलाश यादव की नजर उस पर पड़ी।

हालात की गंभीरता को देखते हुए कैलाश यादव ने किसी तरह की देरी नहीं की और सीधे नहर में उतर गए। तेज बहाव के बीच उन्होंने महिला तक पहुंचकर उसे संभाला और काफी प्रयास के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से महिला की जान बच सकी।

सिपाही के इस साहसिक कार्य की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया। प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर एसपी राहुल भाटी ने कैलाश यादव का उत्साह बढ़ाया।

एसपी ने कहा ये

एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी सिर्फ अपराध रोकने या कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति की मदद के लिए आगे आना भी पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कैलाश यादव ने जिस तरह जोखिम उठाकर महिला को बचाया, वह पुलिस के मानवीय चेहरे और कर्तव्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *