लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सोमवार, 31 अगस्त को लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले 10 आईपीएस और आठ पीपीएस अफसर सेवानिवृत्त हो गए। इनमें पुलिस मुख्यालय से लेकर कमिश्नरेट, पीएसी, सीआईडी, ईओडब्ल्यू, यूपी-112 और प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल रहे। इनके सेवानिवृत्त होने से पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हुए हैं।
ये अफसर हुए रिटायर
सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में डीजी फायर सर्विसेज मुथा अशोक जैन प्रमुख रहे। इसके अलावा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी), दिल्ली में एडीजी रवि जोसेफ लोक्कू, आईजी सीआईडी डॉ. अखिलेश कुमार निगम और यूपी-112 के डीआईजी शहाब रशीद खान भी सेवानिवृत्त हुए।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी आलोक प्रियदर्शी, पीएसी मुख्यालय की डीआईजी सुनीता सिंह, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के एसपी कमलेश कुमार दीक्षित, ईओडब्ल्यू के एसपी अरविंद मिश्रा, ट्रेनिंग मुख्यालय के एसपी हरि गोविंद तथा 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्ध नगर के सेनानायक राम नयन सिंह ने भी पुलिस सेवा से विदाई ली।
वहीं, आठ पीपीएस अधिकारियों ने भी अपनी लंबी पुलिस सेवा पूरी कर सेवानिवृत्ति ली। इनमें एडिशनल एसपी बलरामाचारी दुबे और अशोक कुमार वर्मा, एटीएस के डीएसपी लायक सिंह, 44वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक अंजू सिंह, पुलिस भर्ती बोर्ड की डीएसपी अस्मा माजिद, सीबीसीआईडी मुख्यालय के डीएसपी धीरेंद्र प्रताप सिंह, फतेहपुर के डीएसपी प्रमोद कुमार शुक्ला और प्रतापगढ़ के डीएसपी अनिल कुमार राय शामिल हैं।
जल्द होगी तैनाती
इन अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद अब उनके स्थान पर नई तैनाती को लेकर कवायद शुरू होने की संभावना है। खासतौर पर आईपीएस स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर होने वाले फेरबदल पर पुलिस महकमे की नजर रहेगी।