दुर्घटना में घायल महिला सिपाही की मौत, कॉन्स्टेबल पति ने इलाज के लिए छुट्टी न देने का लगाया आरोप

Share This

बस्ती: सड़क हादसे में घायल लालगंज थाने की महिला सिपाही केसरी वर्मा (30) की शनिवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। केसरी के पति और लालगंज थाने में तैनात सिपाही नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि सिर में चोट लगने के बाद भी इलाज के लिए छुट्टी मांगे जाने पर उन्हें अवकाश नहीं दिया गया। उन्होंने इस मामले में एसपी कार्यालय के दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

लालगंज थाने में थीं तैनात

केसरी वर्मा 2018 बैच की आरक्षी थीं और 18 दिसंबर 2025 से लालगंज थाने में तैनात थीं। वह प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के बसखोरी गांव की रहने वाली थीं। करीब दो वर्ष पहले उनकी शादी अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के वनबीरपुर निवासी और लालगंज थाने में तैनात आरक्षी नागेंद्र वर्मा से हुई थी। दोनों बनकटी कस्बे में किराये के मकान में रहते थे।

बताया गया कि 22 अगस्त को छुट्टी पूरी होने के बाद केसरी अपने भाई के साथ बाइक से स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। दुर्घटना में केसरी के सिर में चोट लगी थी। प्रतापगढ़ में उपचार के दौरान उनके सिर में चार टांके लगाए गए थे।

इलाज के बाद केसरी बस्ती लौट आईं और ड्यूटी ज्वाइन कर ली। पति के मुताबिक, सिर की चोट का इलाज अभी चल रहा था। उन्होंने बृहस्पतिवार को इलाज के लिए छुट्टी मांगी, लेकिन आरोप है कि उन्हें अवकाश नहीं दिया गया।

शनिवार को बिगड़ी तबीयत

शनिवार तड़के करीब चार बजे नागेंद्र ड्यूटी से कमरे पर लौटे तो केसरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह साथी पुलिसकर्मियों के साथ उन्हें ओपेक चिकित्सालय कैली ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला सिपाही की मौत से परिजनों और पुलिसकर्मियों में शोक है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *