उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। अगले साढ़े तीन महीने में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 74,103 युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की संभावना है। इनमें होमगार्ड और आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती शामिल है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल से जून के बीच होमगार्ड के 41,424 पदों तथा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष के 32,679 पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। अब अभ्यर्थियों को भर्ती परिणाम का इंतजार है।
30 सितंबर को होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट संभावित
होमगार्ड के 41,424 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम 30 सितंबर तक जारी किए जाने की संभावना है। परिणाम जारी होने के बाद चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को इस भर्ती के परिणाम का इंतजार है।
31 अक्टूबर तक कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष के 32,679 पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा का परिणाम 31 अक्टूबर तक घोषित किए जाने की संभावना है। इस भर्ती के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवा का अवसर मिलेगा।
इस तरह सितंबर और अक्टूबर में यूपी पुलिस भर्ती से जुड़े दो बड़े परिणाम सामने आने की उम्मीद है। कुल 74,103 पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलने का रास्ता साफ होगा। विधानसभा चुनाव से पहले इन भर्ती परिणामों को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।