शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने कहा है कि पुलिस की टीमें लगातार 48 घंटे से मामले की जांच में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि 8 टीमें हरियाणा में काम कर रही हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं।
एडीजी ने कहा ये
एडीजी भानु भास्कर ने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें लगातार 48 घंटे से काम कर रही हैं। हमारी 8 टीमें हरियाणा में काम कर रही हैं और उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों में भी टीमें लगी हैं। हमें आशा है कि बहुत जल्द इस मामले का अनावरण कर लेंगे और गुनहगारों को पकड़ लेंगे।”
इधर, हत्याकांड की जांच के लिए गठित SIT ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। टीम मृतक अंकित बालियान के पिता और वादी सतबीर सिंह को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान भी दर्ज किए हैं।
कई फुटेज आए सामने
घटना से जुड़े कई CCTV फुटेज सामने आने के बाद जांच को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फुटेज में वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में कुछ हमलावर मोबाइल फोन चलाते हुए भी नजर आए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बता दें कि 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे शामली में अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस और SIT की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।