लखनऊ में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, लंबित मामलों और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अफसरों को दिए निर्देश
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि त्योहारों के दौरान होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। खासतौर पर लूट, डकैती, छिनैती और महिलाओं से छेड़खानी जैसे अपराधों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। इसके अलावा ऐसे मामलों को भी संवेदनशीलता से लेने के निर्देश हैं, जिनसे दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस की नजर अब सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और फर्जी सूचनाओं पर भी रहेगी। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भ्रामक पोस्ट या खबर की जानकारी मिलते ही उसकी पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहारों के माहौल में अफवाहों से तनाव न बढ़े।
लंबे समय से लंबित विवेचनाओं को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने सख्ती दिखाई। 60 से 90 दिन या उससे अधिक समय से लंबित मामलों की प्रगति की निगरानी एसीपी स्तर पर करने और उनका जल्द निस्तारण कराने को कहा गया है। केस डायरी पोर्टल पर दर्ज मामलों की भी नियमित समीक्षा होगी।
की जाये तत्काल कार्रवाई
त्योहारों में बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष फोकस रहेगा। पुलिस और यातायात विभाग के बीच समन्वय बनाकर भीड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को सुचारु रखने की योजना बनाई गई है। यूपी-112 से मिलने वाली सूचनाओं पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।