मेरठ। कैंसर की समय रहते पहचान और मरीजों को सही उपचार केंद्र तक पहुंचाने के लिए मेरठ में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। पुलिस लाइन परिसर में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास अब कैंसर स्क्रीनिंग और रेफरल सेंटर विकसित किया जाएगा। बुधवार को प्रस्तावित केंद्र के भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद रहे।
नए सेंटर को तैयार करने में करीब 70 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें लगभग 36 लाख रुपये भवन निर्माण पर और करीब 23 लाख रुपये जांच से जुड़े उपकरणों पर खर्च किए जाएंगे। केंद्र का उद्देश्य कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान करना और संदिग्ध मरीजों को बिना देरी आगे के इलाज के लिए उचित अस्पताल तक पहुंचाना है।
पुलिस लाइन में सेंटर बनने का मतलब यह नहीं होगा कि इसकी सेवाएं सिर्फ पुलिस विभाग तक सीमित रहेंगी। आम लोग भी यहां कैंसर की प्राथमिक स्क्रीनिंग करा सकेंगे। जांच के बाद यदि किसी मरीज को विशेषज्ञ उपचार की जरूरत होगी तो उसे जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में संबंधित चिकित्सकों के पास भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
दिल्ली से जुड़ेगा मरीजों का इलाज
इस सेंटर की एक खास सुविधा विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन सलाह की होगी। जांच में कैंसर की पुष्टि होने पर मरीजों को एम्स नई दिल्ली और झज्जर के विशेषज्ञों से टेली कंसल्टेशन उपलब्ध कराने की योजना है। इससे मरीज और उनके परिवार को आगे के उपचार को लेकर विशेषज्ञ राय लेने में आसानी होगी।
प्रस्तावित केंद्र में कई सामान्य कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग की जाएगी। मुंह, स्तन और सर्वाइकल कैंसर के अलावा प्रोस्टेट और हड्डियों से जुड़े कैंसर की जांच भी प्रस्तावित है। शुरुआती स्तर पर बीमारी पकड़ में आने से मरीज को समय पर उचित उपचार के लिए रेफर किया जा सकेगा।
मरीजों की जानकारी रहेगी डिजिटल
सेंटर पर जांच कराने वाले लोगों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाएगी। इससे मरीज की पुरानी जांच और उपचार संबंधी जानकारी भविष्य में जरूरत पड़ने पर आसानी से देखी जा सकेगी।
केंद्र के संचालन के लिए नर्सिंग और तकनीकी स्टाफ की तैनाती का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसमें पुरुष और महिला स्टाफ नर्स के साथ एक्सरे और लैब टेक्नीशियन शामिल हैं।
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि पुलिस लाइन का स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से लोगों को सेवाएं दे रहा है। वर्ष 1965 में स्थापित इस स्वास्थ्य केंद्र में अब कैंसर स्क्रीनिंग सुविधा जुड़ने से स्थानीय स्तर पर बीमारी की शुरुआती जांच का दायरा बढ़ेगा।