यूपी पुलिस होगी और मजबूत, 16,274 आधुनिक हथियारों की खरीद को मिली मंजूरी

Share This

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के हथियारों के बेड़े को जल्द ही और मजबूत किया जाएगा। राज्य सरकार ने पुलिस के लिए 16,274 नए हथियार खरीदने की मंजूरी दी है। इस पूरी खरीद के लिए 25.62 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। सरकार का यह फैसला पुलिस के आधुनिकीकरण की चल रही कवायद का हिस्सा है। नई खेप में पिस्टल, कार्बाइन और पंप एक्शन गन शामिल होंगी, जिन्हें पुलिस की अलग-अलग जरूरतों के मुताबिक इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रस्ताव के अनुसार 3,774 नई 9 एमएम पिस्टल खरीदी जानी हैं। इसके साथ 2,500 9 एमएम कार्बाइन भी पुलिस को उपलब्ध कराई जाएंगी। जानकारी के मुताबिक एक पिस्टल की अनुमानित कीमत 31,044 रुपये और एक कार्बाइन की कीमत करीब 55,773 रुपये है।

10 हजार पंप एक्शन गन की खरीद

नई खरीद में सबसे ज्यादा संख्या 12 बोर पंप एक्शन गन की होगी। पुलिस के लिए कुल 10,000 पंप एक्शन गन खरीदी जाएंगी। इस तरह तीनों श्रेणियों के हथियारों को मिलाकर कुल संख्या 16,274 हो जाती है।

सरकार ने खरीद प्रक्रिया को लेकर भी जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। हथियारों की खरीद में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आने पर संबंधित खरीद शाखा को जिम्मेदार माना जाएगा। इसका मकसद पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और निर्धारित मानकों के अनुसार हथियारों की खरीद सुनिश्चित करना है।

मार्च 2027 तक पूरी होगी प्रक्रिया

नई हथियार खरीद की प्रक्रिया को मार्च 2027 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है। इसके बाद पुलिस बल को जरूरत के अनुसार हथियार उपलब्ध कराए जाएंगे। माना जा रहा है कि इस खरीद से प्रदेश पुलिस के पास उपलब्ध आधुनिक हथियारों की संख्या बढ़ेगी और अलग-अलग परिस्थितियों में कार्रवाई के लिए जवानों को बेहतर संसाधन मिल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *