उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए विवाद के मामले में नया अपडेट सामने आया है। मेरठ के SSP अविनाश पांडेय ने बताया कि कांवड़ियों के विवाद के दौरान एक हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट हुई, जिसमें उन्हें शारीरिक चोटें आई हैं। इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और घटना में शामिल कांवड़ियों की बाइक भी सीज कर दी गई है। हालांकि, फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ये है मामला
यह घटना दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर हुई थी। शुरुआती तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए गए थे। कुछ पोस्ट में कहा गया कि पुलिस की जीप से सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर पीटा गया। हालांकि, पुलिस ने पहले इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा था कि मामला दो कांवड़ियों के बीच हुए विवाद का था, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया था।
अब मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक हेड कांस्टेबल के साथ भी मारपीट हुई थी। SSP अविनाश पांडेय के मुताबिक, हेड कांस्टेबल को चोटें आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। मामले में इस्तेमाल की गई कांवड़ियों की बाइक भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और दावों पर बिना आधिकारिक पुष्टि के भरोसा न करें तथा अफवाहें फैलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।