मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अरविंद सक्सेना की सेवानिवृत्ति पर उन्हें अनोखे अंदाज में विदाई दी गई। इस विदाई समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है, जिसमें एक आरक्षक अपने दांतों के सहारे रस्सी से आईजी की कार खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उत्साहित नजर आए।
शुक्रवार को हुआ था आयोजन
शुक्रवार को आईजी अरविंद सक्सेना के रिटायरमेंट के अवसर पर ग्वालियर स्थित आईजी कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी असित यादव, ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान आईजी को सम्मानपूर्वक विदाई देने के लिए उनकी कार को फूल-मालाओं से सजाया गया।
विदाई के दौरान कार्यालय में तैनात आरक्षक सुनील यादव ने अपने अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने कार के अगले हिस्से में रस्सी बांधी और रस्सी को दांतों से पकड़कर कार को कार्यालय परिसर से बाहर तक खींचा। इस दौरान आईजी अरविंद सक्सेना कार में बैठे रहे, जबकि आसपास मौजूद पुलिसकर्मी तालियां बजाकर आरक्षक का उत्साह बढ़ाते रहे।
जैसे ही कार कार्यालय परिसर के बाहर पहुंची, आरक्षक ने रस्सी छोड़ दी और आईजी को अंतिम सलामी दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी तालियों के साथ अरविंद सक्सेना को उनके सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
वायरल हो रहा वीडियो
इस अनोखी विदाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे पुलिस विभाग की अलग परंपरा और अधिकारी के प्रति सम्मान का अनोखा उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस तरीके को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। फिलहाल, ग्वालियर में आईजी अरविंद सक्सेना की यह विदाई चर्चा का विषय बनी हुई है।